प्रेम में धोखा देकर प्रेमिका की गला रेतकर हत्या, प्रेमी अमित गिरफ्तार...मृतिका नर्सिंग की छात्रा थी।
बिहारशरीफ : प्रेम के नाम पर एक और जघन्य हत्या का मामला सामने आया है। अस्थावां थाना क्षेत्र के ओनदा गांव निवासी संजय दास की 20 वर्षीय पुत्री पूजा कुमारी की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका प्रेमी अमित कुमार निकला, जो बरबीघा थाना क्षेत्र के तोय गांव का रहने वाला है।
चार साल का प्रेम, एक रात में खत्म
डीएसपी सदर नूरुल हक के अनुसार, दोनों की जान-पहचान मिशन स्कूल बरबीघा में पढ़ाई के दौरान हुई थी। पिछले चार साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध चल रहे थे। मृतिका नालंदा जिले के भागनबीघा में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी, जबकि अमित बी.एड कॉलेज मालती में प्राइवेट काम करता था।
रात की सूचना, सुबह का गिरफ्तारी
डीएसपी नूरुल हक ने बताया कि कल रात हमें सूचना मिली कि एक लड़के ने अपनी प्रेमिका की हत्या करके लाश छुपा दी है। रात भर मेहनत के बाद भी कुछ पता नहीं चला। फिर हमने जाल बिछाया और सुबह अमित को गिरफ्तार कर लिया।
मॉडल हॉस्पिटल बिहारशरीफ में ट्रेनिंग ले रही थी मृतक छात्रा
पूजा के परिजन भी उस पर भरोसा करते थे और उसी के कहने पर उन्होंने बेटी को यहां पढ़ाई के लिए रखा था। लेकिन जब से पूजा का नर्सिंग कॉलेज में नामांकन हुआ, उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा। वह मॉडल अस्पताल में ट्रेनिंग करती थी और वहां के सहपाठी उसके कमरे पर आया-जाया करते थे। इसी को लेकर अमित के मन में शक गहराता गया। उसे लगा कि पूजा उससे प्रेम नहीं करती है।
सूटकेस में भरकर फेंकी लाश : सुनियोजित साजिश के तहत की हत्या
अमित ने हत्या की पूरी साजिश रची। बाजार से नया सूटकेस खरीदकर वह पूजा के कमरे पर गया। जब पूजा सो रही थी, तभी उसने धारदार हथियार से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी और शव को सूटकेस में बंद कर सोहसराय थाना क्षेत्र के सहोखर मोहल्ला में सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया।
किराये के कमरे में हुई हत्या
हत्यारा अमित, विजय कुमार कुशवाहा के घर किराये पर छह-सात महीने से रह रहा था। इसी कमरे में दोनों के बीच कोई विवाद हुआ, जिसके बाद अमित ने मृतिका की गला रेतकर हत्या कर दी। कमरे से खून के छींटे और हत्या में इस्तेमाल हुए हथियार बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस अमित से विस्तृत पूछताछ कर रही है और सभी सबूत जुटाने में लगी है और मामले की गहरी जांच जारी है। सूटकेस की तलाश भी की जा रही है, जो संभवतः किसी ने उठा लिया हो।

