Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Tania
Crime

नालंदा में दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर 3.32 लाख लूट : CCTV में कैद हुए अपराधी

Blog Image
2963

Biharsharif : नालंदा जिले में चार अज्ञात अपराधियों ने फर्जी पुलिस बनकर दिनदहाड़े एक गल्ला मंडी के मुंशी से 3 लाख 32 हजार रुपए की लूट की है। नूरसराय थाना क्षेत्र के मकनपुर पुल के पास गुरुवार को यह संगीन वारदात हुई है।

बिहार शरीफ बाजार समिति के अंतर्गत ऋषभ कुमार के गल्ला मंडी में मुंशी के रूप में कार्यरत संजय कुमार (59) के साथ यह घटना हुई है। परवलपुर थाना क्षेत्र के निवासी संजय कुमार गुरुवार को बकाया राशि संग्रह करने के लिए घर से निकले थे और उनके पास 3,32,640 रुपए की नकदी थी।

जब वे परवलपुर बाजार से वापस लौट रहे थे, तो मकनपुर पुल के पास दो मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने चालाकी से पहले यह कहकर उन्हें रोका कि उनकी मोटरसाइकिल का लाइसेंस फेक है और कागजात दिखाने होंगे।

पीड़ित संजय कुमार ने बताया कि जब मैंने पूछा कि आप कौन हैं जो मेरे वाहन के कागजात देखना चाहते हैं, तो उन्होंने मुझे चार-पांच थप्पड़ मारे। एक व्यक्ति ने पिस्तौल निकालकर मुझे धमकाया। अपराधियों ने जबरदस्ती उनकी मोटरसाइकिल की चाबी छीनकर डिक्की तोड़ दी। संजय कुमार के विरोध करने पर भी बदमाशों ने पैसों से भरा झोला लेकर बिहार शरीफ की दिशा में फरार हो गए।

पीड़ित ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे भागने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई। नूरसराय थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू की गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

पीड़ित के अनुसार, अपराधियों की उम्र 20 से 28 साल के बीच थी। उनमें से एक पल्सर-220 मोटरसाइकिल चला रहा था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR21 AF 3544 था। पुलिस इस वाहन की जानकारी के आधार पर अपराधियों की तलाश में जुटी है।

RPS

Related Post