बिहारशरीफ : स्मार्ट सिटी परियोजना के एक पूर्व कर्मचारी की करतूत ने प्रशासन को हिला कर रख दिया है। बिगहापर स्थित सीसीटीवी जंक्शन प्वाइंट से महत्वपूर्ण उपकरणों की चोरी का प्रयास करते हुए कंपनी का पूर्व कर्मचारी रंगे हाथों पकड़ा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए दीपनगर थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। जानकारी के अनुसार, स्मार्ट सिटी के कर्मचारी धर्मवीर कुमार और असरफ अली ने विश्वासघाती पूर्व कर्मचारी को मौके पर दबोचा। आरोपी कर्मचारी सीसीटीवी जंक्शन प्वाइंट के बॉक्स से नेटवर्क स्विच, यूपीएस और बैटरी जैसे महंगे उपकरण चुराकर अपनी गाड़ी में रख रहा था। सतर्क कर्मचारियों ने समय रहते आरोपी को पकड़ लिया और उसे चुराए गए सामान वापस रखने को बाध्य किया। घटना की सूचना तुरंत स्मार्ट सिटी के उच्च अधिकारियों को दी गई। इसके बाद स्मार्ट सिटी प्रबंधन की ओर से धर्मवीर कुमार ने दीपनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कानूनी कार्रवाई जरूरी है। यह घटना सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने वाली है, क्योंकि जिस व्यक्ति ने स्मार्ट सिटी में काम किया था, वही अब शहर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहा था। स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने सभी जंक्शन प्वाइंट पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं।

