Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Tania
Crime

दिलदहला देने वाली वारदात: पटना में दिनदहाड़े अपराधियों का कहर, चलती बाइक पर युवक को सिर में मारी गोली

Blog Image
197

पटना: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ चुका है कि अब दिनदहाड़े सड़कों पर गोलियां चल रही हैं। गुरुवार को धनरूआ थाना क्षेत्र के NH-22 पर नीमा के पास बेखौफ अपराधियों ने चलती बाइक पर एक युवक को निशाना बनाते हुए उसके सिर में गोली मार दी। इस सनसनीखेज घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और एक बार फिर पटना की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

घायल युवक की पहचान राम कृष्ण नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले सोनू कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोनू कुमार मसौढ़ी से पटना की ओर बाइक से लौट रहे थे, तभी बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर बेहद करीब से सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही सोनू सड़क पर गिर पड़े और उनकी हालत गंभीर हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पटना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मसौढ़ी एसडीपीओ-2 कन्हैया सिंह ने बताया कि घटनास्थल से एक पिस्टल का जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। साथ ही एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके।

घायल सोनू कुमार को तुरंत इलाज के लिए PMCH में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और पुराने विवाद समेत सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है।


दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना ने पटना के लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों पैदा कर दिए हैं। राजधानी में अपराध निरंतर बढ़ता जा रहा है और अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा। सवाल यह है कि जब मुख्य सड़कों पर भी लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक खुद को कैसे महफूज महसूस करेगा। पटना पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन बढ़ते अपराध ने यह साफ कर दिया है कि राजधानी में कानून-व्यवस्था एक बड़ी चुनौती बन चुकी है।

RPS

Related Post