बिहारशरीफ : दुर्गा पूजा पर्व को सुचारू और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र और आसपास के इलाकों में व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था 22 सितंबर (कलश स्थापना) से शुरू होकर 4 अक्टूबर 2025 तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर विशेष प्रतिबंध रहेगा, साथ ही कई मार्गों को पूरी तरह से बंद या वन-वे घोषित किया गया है।पुलिस प्रशासन के अनुसार, बरबीघा, अस्थावां, रहुई, बख्तियारपुर और राजगीर की ओर से आने वाली बड़ी गाड़ियां शहर में प्रवेश नहीं करेंगी। इनके लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं। वहीं, नवादा से पटना की ओर जाने वाली सरकारी बसों के लिए कारगिल बस स्टैंड को अस्थायी स्टैंड बनाया गया है।भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने के लिए 15 से अधिक स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे और 10 स्थलों पर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। कारगिल बस स्टैंड, किसान कॉलेज, सोगरा कॉलेज और बाजार समिति परिसर प्रमुख पार्किंग स्थल होंगे।भीड़भाड़ वाले इलाके जैसे भरावपर, पोस्टऑफिस चौक, पुलपर, हॉस्पीटल चौक से भैंसासूर, कुमार सिनेमा से पुलपर और अम्बेर से बड़ी पोस्ट ऑफिस मोड़ तक कई मार्गों पर ई-रिक्शा, निजी चार पहिया और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रोक दी जाएगी। इसके अलावा, कई रास्तों पर वाहनों का परिचालन वन-वे रहेगा।इन विशेष ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन न हो, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाएगी। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।

